उत्तराखंड - रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा 18 जुलाई से होगी शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

 

रामनगर - रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। सांसद अनिल बलूनी ने जानकारी दी कि 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

सांसद ने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में प्रसिद्ध रामनगर के लोगों को अब देहरादून आने-जाने में अधिक सुविधा मिलेगी। इससे सरकारी, निजी एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा आसान होगी। वहीं उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी कॉर्बेट नेशनल पार्क तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन प्रायोगिक आधार पर किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में इसकी आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में चार या पांच दिन तक किए जाने पर रेलवे विचार करेगा।

सांसद बलूनी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नई रेल सेवा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे पहले धनगढ़ी पुल को भी आम जनता के आवागमन के लिए समर्पित किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और मजबूत हुई है।