Uttarakhand Crime - रुद्रपुर सामूहिक दुष्कर्म में देवर सहित तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपित अस्पताल में है भर्ती
रुद्रपुर - सरस मेला देखकर घर जा रही महिला से एफएसएल रोड पर तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे देवर समेत तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि दुष्कर्म का मुख्य आरोपित जहर खाने वाला चाइना का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि रविवार शाम एक महिला देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेला देखने आई थी। रात को वह घर को वापस जा रहे थे। बाइक महिला के देवर का दोस्त चला था, जबकि उनके साथ मोहल्ले में ही रहने वाले दो अन्य युवक भी दूसरी बाइक पर थे।
आरोप है कि एफएसएल रोड पर महिला के देवर के दोस्तों ने ठंडी सड़क पर उससे सामूहिक दुष्कर्म कर लिया। दुष्कर्म के दौरान उन्होंने वीडियो भी बनाई थी। इस मामले की शिकायत पर सोमवार देर रात पुलिस ने महिला के देवर करन और उसके खेड़ा निवासी दोस्त राजा रस्तोगी समेत दो अन्य पर प्राथमिकी पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सामूहिक दुष्कर्म में फरार तीन आराेपित बाइक से कहीं जा रहे है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीओ सिटी प्रशांत कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और बाइक सवार पीड़ित महिला के देवर करन के साथ ही उसके साथी खेड़ा वार्ड 18 निवासी राजा रस्तोगी पुत्र राम निवास और भदईपुरा वार्ड 13 निवासी विशाल गुप्ता उर्फ बिट्टू पुत्र सुरेश चन्द्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि मोदी मैदान तक पीड़िता का देवर उसे पैदल ले गया था। जहां पहुंचने पर उसने पहले से मौजूद राजा रस्तोगी, विशाल व चाइना से मुलाकात की। इसके बाद चाइना, करन व पीड़िता को बाइक से लेकर ठंडी सड़क पर 15 एकड़ मैदान पर ले आया। वहां पर पीछे-पीछे विशाल और राजा रस्तोगी भी आ गए। इस दौरान पहले अभय सक्सेना उर्फ चाइना ने और बाद में राजा रस्तोगी ने दुष्कर्म किया। जबकि पीड़िता का देवर करन और विशाल भी मौके पर ही थे लेकिन उन्होंने दुष्कर्म का विरोध नहीं किया। बाद में पुलिस ने तीनों दुष्कर्म के आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
मुख्य आरोपित का चल रहा उपचार, सुधार होने पर भेजा जाएगा जेल -
सामूहिक दुष्कर्म में फरार भदईपुरा निवासी आरोपित अभय सक्सेना उर्फ चाइना मुख्य आरोपित है। जब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी तो उसने यूपी, धामपुर के नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में जहर खा लिया। जीआरपी पुलिस की सूचना पर बुधवार को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस उसे रुद्रपुर लाई और जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभय सक्सेना उर्फ चाईना पुत्र रविन्द्र सक्सेना निवासी वार्ड 14 भदईपुरा ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकीय अनुमति प्राप्त होते ही उसे भी कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।