Uttarakhand Crime - पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, बहू के मायके वालों पर सास की हत्या का आरोप, पति गंभीर घायल

 

Uttarakhand Crime News - उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर में घुसकर की गई कथित मारपीट में 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में बहू समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनेशपुर निवासी प्रसेनजीत शाह की शादी करीब चार वर्ष पूर्व काशीपुर निवासी सुरभि से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। 

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात मामूली कहासुनी के बाद सुरभि ने अपने मायके से पांच लोगों को घर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि सुरभि के मायके पक्ष के लोगों ने प्रसेनजीत शाह और उनकी मां संध्या शाह के साथ मारपीट की। घटना में संध्या शाह को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल प्रसेनजीत शाह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि पारिवारिक झगड़े में बुजुर्ग महिला की मृत्यु हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। नामजद शिकायत के आधार पर सुरभि और उसके साथ आए पांच अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के बढ़ते हिंसक स्वरूप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।