Uttarakhand Crime - रुद्रपुर में युवती से गैंगरेप का मामला दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
रुद्रपुर - सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने चारों को रोक लिया और जबरन गदरपुर की ओर ले गए। रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, जबकि पीड़िता और उसके साथ मौजूद युवक आरोपियों के कब्जे में रहे।
शिकायत के मुताबिक, गदरपुर क्षेत्र पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में उतार दिया और युवती को अपने साथ ले गए। पीड़िता का आरोप है कि तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और पूरी रात अपने कब्जे में रखा। रविवार सुबह आरोपी उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने परिचितों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा बयान दर्ज किए गए। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल और आरोपियों के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।