उत्तराखंड - भराड़ीसैंण में आज पेश होगा सात हजार करोड़ का अनुपूरक बजट, मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष से की मुलाकात 

 

गैरसैंण - चमोली जिले के भराड़ीसैंण में मंगलवार से उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शुरू हो रहा है। दो दिवसीय विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से उनके कक्ष में मुलाकात की। सत्र के दौरान सरकार की ओर से भोजनावकाश के बाद करीब सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। वहीं, विपक्ष ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून व्यवस्था और अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए यह सत्र राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। विपक्ष जहां सदन के भीतर और बाहर सरकार पर सवाल उठाने की तैयारी में है, वहीं सरकार की ओर से अपने कामकाज और विकास योजनाओं को सामने रखने की रणनीति है। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से किसी बड़ी घोषणा की संभावना पर भी सियासी निगाहें टिकी हैं।

अनुपूरक बजट पर रहेगी नजर - 
सत्र के पहले दिन भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी। करीब सात हजार करोड़ रुपये के इस बजट के जरिए विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रावधान किए जाएंगे। बजट में किन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाती है, इस पर भी नजर रहेगी। पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होने के कारण सदन की कार्यवाही के दौरान हंगामे की संभावना अपेक्षाकृत कम मानी जा रही है।


बेरोजगारी और अंकिता हत्याकांड पर विपक्ष की तैयारी - 
विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए कई मुद्दे तय किए हैं। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और कानून व्यवस्था के साथ अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला भी प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सदन के भीतर सरकार से जवाब मांगने के साथ ही सड़क पर भी विरोध प्रदर्शन कर सकती है। विपक्ष की रणनीति के तहत सरकार को जनहित से जुड़े सवालों पर घेरने की तैयारी है। ऐसे में सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।


विधानसभा घेराव की आशंका, सुरक्षा बढ़ाई - 
विधानसभा सत्र के मद्देनजर भराड़ीसैंण में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी और विभिन्न संगठनों की ओर से अलग-अलग मांगों को लेकर विधानसभा घेराव किए जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस सतर्क है। सत्र स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।

ठंड के बीच शुरू हो रहे इस दो दिवसीय सत्र में सरकार के अनुपूरक बजट, विपक्ष के सवालों और संभावित राजनीतिक घोषणाओं पर सबकी नजर रहेगी। अब देखना होगा कि सरकार विपक्ष के हमलों का किस तरह जवाब देती है और सदन की कार्यवाही कितनी सुचारु रूप से चल पाती है।