हल्द्वानी - शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं का धरना प्रदर्शन, पदों को जल्दी नहीं भरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी 
 

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड में लंबित शिक्षक भर्तियों को शुरू करने की मांग को लेकर बेरोजगार युवाओं और बीएड अभ्यर्थियों ने हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में शांतिपूर्ण धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता संवर्ग और माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी) संवर्ग के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई।  अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं, जबकि दूसरी ओर योग्य और प्रशिक्षित युवा लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया में देरी होने से अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता और माध्यमिक विद्यालयों में एलटी संवर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। इसके साथ ही प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरने की व्यवस्था की जाए। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निश्चित भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि भर्ती की समयसीमा तय होने से युवाओं को अपनी तैयारी की योजना बनाने में मदद मिलेगी और लंबे समय से बनी अनिश्चितता दूर होगी। छात्रों ने जल्दी पदों को नहीं भरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। 

धरने में प्रदर्शनकारी छात्र कमलेश चौहान और आंदोलनकारी सरिता टम्टा ने अपनी मांगें रखीं। वहीं, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू कर रिक्त पदों को भरने की मांग की।