हल्द्वानी - इन दो संस्थाओं के तत्वावधान में नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान का भव्य आगाज़, 4000 युवाओं ने ली शपथ
हल्द्वानी - कर्मनिष्ठ सनातन ट्रस्ट एवं नशा मुक्ति चेतना संघ के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त उत्तराखंड - सशक्त उत्तराखंड’ जनआंदोलन का ऐतिहासिक शुभारंभ रविवार सुबह हल्द्वानी में भव्य रूप से हुआ। प्रातः 6:00 से 8:00 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, डॉ. स्वामी रामेश्वरानन्द (हरि निर्मल अखाड़ा, पुष्कर) एवं डॉ. हरीश सिंह रौतेला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 4000 से अधिक छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया और सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उनके प्रेरक संदेश ने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। छात्रों की अभूतपूर्व भागीदारी ने इस आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।
आयोजन के तहत लगभग 5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर एनएसएस, एनसीसी, स्काउट्स एवं पुलिस बल द्वारा सुव्यवस्थित प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
ट्रस्ट का उद्देश्य और कार्य -
वर्ष 2024 में स्थापित कर्मनिष्ठ सनातन ट्रस्ट उत्तराखंड की प्रमुख समस्याओं—पलायन, नशा, सांस्कृतिक परिवर्तन और पारंपरिक व्यवसायों के लोप—के समाधान हेतु कार्य कर रहा है। ट्रस्ट का मूल मंत्र “कर्म ही धर्म, सेवा ही सनातन” है, जो “नशा हटाओ–काम लगाओ” और “पलायन रोको–संस्कृति बचाओ” के सिद्धांत पर आधारित है।
वहीं, नशा मुक्ति चेतना संघ (उत्तराखंड इकाई) स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान, नशा मुक्ति सेमिनार, मेडिकल कैंप और नशा छोड़ चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। दोनों संस्थाएं मिलकर नशा मुक्त युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों में आजीविका के अवसर सृजित कर पलायन रोकने की दिशा में कार्यरत हैं।
आयोजन में प्रमुख योगदान -
इस सफल आयोजन में संरक्षक नीरज शारदा, अध्यक्ष डॉ. भारत भूषण, उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल सहित नशा मुक्ति चेतना संघ के संरक्षक जसबीर सिंह, प्रांत संयोजक अशोक पाल, सह-संयोजक राजेश अग्रवाल, महिला संयोजक मालती गर्ग व योगिता पाल और अन्य सदस्यों—राहुल वार्ष्णेय, जोगेंद्र रौतेला (पूर्व मेयर), मनोज डागा, सुनील शारदा, दीपक माहेश्वरी, दीपक जोशी, जितेंद्र साहनी, हरि मोहन अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल आदि—ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से श्याम अग्रवाल के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
जनभागीदारी का आह्वान -
आयोजकों ने प्रदेशवासियों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए बताया कि “10,000 शपथ, 50 स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान” और “6 गांवों को गोद लेने” का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया— “नशा मुक्त युवा + स्वावलंबी गाँव = सशक्त उत्तराखंड”