कालाढूंगी में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
कालाढूंगी - बाजपुर-बैलपड़ाव मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आईआरबी प्रथम बटालियन के पास कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही बैलपड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं, कार चालक की पहचान ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र के बन्नाखेड़ा निवासी के रूप में हुई है।
बैलपड़ाव चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दोनों लोगों की मौत हुई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजपुर-बैलपड़ाव मोटर मार्ग पर बाहरी राज्यों के वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। पूर्व में भी यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।