हल्द्वानी - टांडा जंगल में बेलबाबा से पास पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की हुई दर्दनाक मौत

 

हल्द्वानी - रामपुर रोड पर बेलबाबा से आगे टांडा जंगल में देर रात अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने बाइक को सड़क से नीचे झाड़ियों में पड़ा देखा। पास ही दोनों युवक अचेत अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

टीपी नगर चौकी पुलिस के अनुसार, हादसा देर रात होने की आशंका है। बाइक सड़क से नीचे झाड़ियों में काफी दूर तक जा गिरी थी। बाइक का पंजीकरण नंबर यूके 06 बीएन 8480 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र के फुलसुंगा निवासी हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है।

टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बाइक के पंजीकरण नंबर और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान जुटाई जा रही है। साथ ही, उनके स्वजन तक हादसे की सूचना पहुंचाने के लिए भी जानकारी एकत्र की जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।