नैनीताल - बैलपड़ाव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू
रामनगर - रामनगर क्षेत्र के बैलपड़ाव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात कार चालक ने पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक महिलाओं की पहचान पट्टापानी बैलपड़ाव निवासी कमला देवी (पत्नी शिवराज सिंह) और पुष्पा देवी (पत्नी केवलानंद भट्ट) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।