लालकुआं - जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत का माहौल
लालकुआं (नैनीताल) - तराई क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के शाह पठानी इलाके का है, जहां देर रात जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित सैनी, उप प्रभागीय वन अधिकारी शशि देव, कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन सिंह राणा और वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक व्यक्ति झारखंड का निवासी था, जिसकी पहचान बांधो प्रजापति (75 वर्ष) निवासी झारखंड के रूप में हुई, जो खेतों की चौकीदारी करता था। वहीं दूसरे व्यक्ति को विक्षिप्त बताया जा रहा है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों को जंगल से सटे इलाकों में अकेले न जाने की सलाह दी है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी और हर संभव मदद दी जाएगी। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और उन्होंने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।