हल्द्वानी - दुकान में मोबाइल और स्कूटी छोड़ कारोबारी दो दिन से है लापता, युवक का नहीं मिला कोई सुराग 

 

हल्द्वानी - मुखानी कोतवाली क्षेत्र में एक कारोबारी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। लामाचौड़ के जयपुर पाडली नंबर दो निवासी पंकज पांडे 19 नवंबर की शाम से लापता हैं। परिजनों के अनुसार, वह दुकान बंद कर निकले थे, लेकिन अपनी स्कूटी और मोबाइल फोन दुकान पर ही छोड़ गए। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर भाई ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में पंकज के भाई दीपक पांडे ने बताया कि 19 नवंबर की शाम करीब सात बजे पंकज दुकान का शटर गिराकर वहां से निकले थे। इस दौरान उनकी स्कूटी और मोबाइल दुकान में ही रह गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों और परिचितों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बताया गया कि पंकज मुखानी क्षेत्र की भट्ट कॉलोनी फेज-दो में 'सेकेंड व्हाइट सोल्यूशन' नाम से दुकान संचालित करते हैं। भाई की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि लापता कारोबारी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस की एक टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पंकज की तलाश में जुटी है।