हल्द्वानी - लैंड फ्रॉड पर कड़ा एक्शन, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने 30 भूमाफियाओं पर मुकदमे के दिए निर्देश
हल्द्वानी - कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सोमवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित लैंड फ्रॉड कमेटी की बैठक में भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए 30 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में कुल 77 मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी, ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों से प्राप्त भूमि धोखाधड़ी के मामलों की गहन जांच और समीक्षा के बाद समिति ने कई मामलों में कानूनी कार्रवाई की संस्तुति की।
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामलों की रिपोर्ट जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाती है, जिसके बाद प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि सुनियोजित तरीके से भूमि धोखाधड़ी के कई मामले सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमाफियाओं और फर्जीवाड़ा करने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है