भीमताल में दर्दनाक हादसा, नाले के तेज बहाव में बही तीन साल की मासूम, झील किनारे मिला शव

 

नैनीताल - भीमताल बाईपास क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की नाले के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। बच्ची को बहता देख परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की। करीब आधा किलोमीटर दूर झील किनारे बोट स्टैंड के पास बच्ची अचेत अवस्था में मिली। पुलिस और स्थानीय लोग उसे तत्काल भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान पल्लवी (3) पुत्री भुवन कुमार, निवासी बाईपास भीमताल के रूप में हुई है।

सीएचसी के चिकित्सक डॉ. जितेंद्र ने बताया कि करीब 11:30 बजे स्थानीय लोग और भीमताल पुलिस बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय टीम ने सीपीआर और आवश्यक इंजेक्शन देकर बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। इसके बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।