नैनीताल - कैंचीधाम में खाई में गिरा दूध पिकअप, तीन लोग हुए घायल
भवाली - कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दूध पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कैंचीधाम चौकी पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों घायलों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 6 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी कि केरल ढाबे के पास सड़क से नीचे खाई में नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया।
सर्च के दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में मिला। वाहन में तीन लोग फंसे हुए थे। पुलिस टीम ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया।
घायलों में अंकित सिंह (33) पुत्र स्वर्गीय सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, वाहन चालक; बॉबी (22) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी तथा मोहम्मद साकिब (11) पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।
रेस्क्यू अभियान में चौकी कैंचीधाम प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।