हल्द्वानी - शहर में महिलाओं के कपड़े चुराने वाला चोर सक्रिय, CCTV में कैद हुई वारदात
हल्द्वानी - शहर में चोरी की घटनाओं के बीच अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। वार्ड नंबर-9 आनंदपुरी महेशनगर क्षेत्र में एक अज्ञात युवक द्वारा घर के बाहर सूख रहे कपड़े चोरी करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं और स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब 3:22 बजे एक युवक एक मकान की दीवार फांदकर परिसर में घुस गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक बिना किसी घबराहट के बाहर सूख रहे कपड़ों को समेटता है और उन्हें लेकर फरार हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी हुए कपड़ों में अधिकांश महिलाओं के वस्त्र शामिल थे।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति देर रात या अलसुबह रिहायशी इलाकों में इस तरह बेखौफ घूम सकता है तो यह चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि पहले छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब घरों के बाहर सूख रहे कपड़ों तक को निशाना बनाए जाने से असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी करने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
उधर, कोतवाली प्रभारी डीएस फर्त्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।