उत्तराखंड - दिवाली की खुशियों के साथ जमकर छलके जाम, इतने सौ करोड़ की शराब गटक गए उत्तराखंड के लोग
देहरादून - इस बार उत्तराखंड में दीपावली खुशियों के साथ-साथ जामों की चमक से भी जगमगा उठी। त्योहार के मौसम में शराब की बिक्री ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। पिछले साल की तुलना में इस बार शराब की बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सिर्फ 15 दिनों में 6.67 लाख पेटी शराब बिकी -
राज्यभर में दीपावली से पहले शुरू हुई बिक्री का सिलसिला त्यौहार तक जारी रहा। आंकड़ों के अनुसार, बीते 15 दिनों में 6.67 लाख पेटियों की बिक्री हुई, जिससे 367 करोड़ रुपए की शराब बिकी। यानी हर दिन करोड़ों रुपए के जाम छलकते रहे। पिछले वर्ष दीपावली सीजन में लगभग 280 से 300 करोड़ रुपए की शराब बिकी थी। इस बार यह आंकड़ा पार कर गया, जिससे साफ है कि पर्व की रौनक के साथ “नशे का डोज” भी डबल हो गया।
देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर और हल्द्वानी बने हॉटस्पॉट -
राजधानी देहरादून से लेकर धार्मिक नगरी हरिद्वार, औद्योगिक शहर काशीपुर और व्यस्त हल्द्वानी तक शराब की दुकानों पर लंबी कतारें देखी गईं। महंगे ब्रांडों की बोतलें हाथों-हाथ बिकीं और दुकानदारों के चेहरे मुनाफे की खुशी में खिल उठे। जहां शराब व्यापारियों की जेबें भरीं, वहीं सरकार के राजस्व खाते में भी मोटी आमदनी जुड़ी। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इस बार उत्तराखंड में दीयों की रोशनी और जामों की चमक दोनों ने दीपावली को यादगार बना दिया।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि इस बार पिछले साल के मुकाबले बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। कई जगह तो स्टॉक समय से पहले ही खत्म हो गया।