हल्द्वानी - नैनीताल रोड़ में मटन-चावल शॉप के संचालक ने किया GST पंजीकरण, जानिए 50 लाख की सेल पर कितना देना होगा टैक्स
हल्द्वानी - नैनीताल हाईवे पर नयना गांव के पास स्थित पहाड़ी मटन-चावल की दुकान के संचालक ने विभागीय कार्रवाई के बाद जीएसटी पंजीकरण करा लिया है। जीएसटी विभाग की टीम ने हाल ही में दुकान पर निरीक्षण किया था, जिसमें पाया गया कि दुकान का जीएसटी रजिस्ट्रेशन नहीं था। जांच में दुकान का सालाना टर्नओवर लगभग 50 लाख रुपये आंका गया।
विभाग ने 12 जून तक जीएसटी पंजीकरण कराने के निर्देश दिए थे। नोटिस मिलने के बाद दुकान संचालक चंदन सिंह कैड़ा ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। अब उन्हें ग्राहकों को जीएसटी नंबर सहित पक्का बिल देना होगा। असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश त्रिवेदी के अनुसार, मीट-चावल की बिक्री पर 5 प्रतिशत जीएसटी देय है। इस हिसाब से 50 लाख रुपये के टर्नओवर पर लगभग 2.5 लाख रुपये टैक्स देना होगा।
गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि दुकान पर रोजाना तीन बकरों के मांस की बिक्री होती है। इसके बाद यह मामला विभाग के संज्ञान में आया और टीम ने जांच की। यह दुकान पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है और अब अपने स्वाद के साथ-साथ जीएसटी कार्रवाई को लेकर भी चर्चा में है।