उत्तराखंड - लूट और मारपीट के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

उत्तराखंड - नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बेटीघाट, खटीमा निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां एसएसपी अजय गणपति ने पहुंचकर उससे पूछताछ की।

मुठभेड़ कैसे हुई - 
कोतवाल संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में मच्छी झाला क्षेत्र पहुंची थी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, तभी झाड़ियों की आड़ लेकर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

यह था मामला-
पुलिस पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत सिंह ने स्वीकार किया कि उसने 5 अगस्त को अपने साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट की, उसका पर्स और नकदी लूट ली तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य दोनों आरोपी दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।