हल्द्वानी - नगर प्रशासन ने बुलडोज़र चलाकर काठगोदाम में हटाया अतिक्रमण, पहले दिए थे नोटिस नहीं हटाने पर हुई कार्रवाई
हल्द्वानी - काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के विस्तार और पुनर्निर्माण कार्य को गति देने के लिए सोमवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में जेसीबी मशीनों की मदद से पुल के आसपास किए गए अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश और बरसात के कारण कलसिया पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। वर्तमान में कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था वैकल्पिक बेली ब्रिज के माध्यम से संचालित की जा रही है। यह पुल कुमाऊं मंडल के छह जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसके स्थायी निर्माण को प्रशासन ने प्राथमिकता दी है। अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण के लिए आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक था। प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पालन न होने पर सोमवार को कार्रवाई की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून से पहले पुल निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि क्षेत्र में यातायात सुचारु बना रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।