हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छेड़छाड़ विवाद के बाद तनाव, प्राध्यापकों ने किया कार्य बहिष्कार, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
हल्द्वानी - एमबीपीजी कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप और उसके बाद शिक्षक के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में मंगलवार को कॉलेज के प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। प्राध्यापकों ने शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और पूरे मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, एमबीपीजी कॉलेज की बीएससी की एक छात्रा ने एक प्राध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (पॉश कमेटी) में शिकायत की थी। सोमवार को मामला सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में हंगामा हो गया। छात्रा के कुछ सहपाठियों ने आरोपी प्राध्यापक को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान छात्रों ने शिक्षक को परिसर में दौड़ाकर पीटा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर शिक्षक को छात्रों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद पुलिस आरोपी शिक्षक और छात्रा को कोतवाली ले गई। बताया गया कि शिक्षक की ओर से माफी मांगे जाने के बाद छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
वहीं, मंगलवार को घटना के विरोध में कॉलेज के प्राध्यापकों ने कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि छात्रा की शिकायत और शिक्षक के साथ हुई मारपीट, दोनों मामलों की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे प्रकरण के तथ्यों की जांच जरूरी है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में शैक्षणिक माहौल और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।