हल्द्वानी - ग्राफिक एरा में टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का समापन, गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के विशेषज्ञों ने दिए तकनीकी गुर
हल्द्वानी - ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का रविवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हो गया। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड कंप्यूटर एप्लीकेशंस और टेक गीक्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में तकनीकी प्रतियोगिताओं, रोबोटिक्स, ई-स्पोर्ट्स, गेमिंग और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन दिवस पर गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के विशेषज्ञों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बनाया।
36 घंटे के हैकाथॉन में टीम ग्रेडिएंट अव्वल -
टेक फेस्ट का प्रमुख आकर्षण 36 घंटे तक चला हैकाथॉन रहा, जिसमें कुल 50 हजार रुपये का पुरस्कार पूल रखा गया था। प्रतियोगिता के अंतिम मूल्यांकन के लिए गूगल के उज्ज्वल त्यागी और ग्लोबल लॉजिक के तुषार गोयल विशेषज्ञ के रूप में पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए तैयार किए गए तकनीकी प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया।
कड़े मुकाबले के बाद टीम ग्रेडिएंट ने पहला स्थान हासिल कर 25 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। कोड इन इट 15 हजार रुपये के साथ दूसरे और ब्लैंकस्पेस पांच हजार रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं, टीम यूबीक्विटस और हैकबडीज को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
जेपी मॉर्गन के विशेषज्ञ ने समझाए न्यूरल नेटवर्क के गुर -
समापन समारोह में उद्योग और शिक्षा जगत के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष एक्सपर्ट सेशन आयोजित किया गया। इसमें जेपी मॉर्गन चेस के पंकज खुल्बे ने विद्यार्थियों को न्यूरल नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीप लर्निंग और स्मार्ट कंप्यूटिंग के क्षेत्र में न्यूरल नेटवर्क की उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं को सरल तरीके से समझाया।
ई-स्पोर्ट्स में भी विद्यार्थियों ने दिखाया दम -
टेक फेस्ट के अंतिम दिन गेमिंग प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक रहा। बीजीएमआई प्रतियोगिता में 19 टीमों के 76 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें मॉग टीम ने पहला स्थान हासिल कर तीन हजार रुपये का पुरस्कार जीता। कैंपस किंग्स दूसरे और ओजीस तीसरे स्थान पर रहे।
फ्री फायर प्रतियोगिता में 36 टीमों के 144 खिलाड़ियों ने मुकाबला किया। इसमें टॉक्सिक फोर्स ने छह हजार रुपये का पहला पुरस्कार अपने नाम किया। ओजीस दूसरे और एचएलडी वोर्टेक्स तीसरे स्थान पर रही। वहीं, क्लैश रॉयल प्रतियोगिता में 29 विद्यार्थियों के बीच हुए मुकाबले में नीरज चंद्रा विजेता बने।
रील शूटिंग और टाइपिंग टेस्ट में भी दिखी प्रतिभा -
गेमिंग के अलावा अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 21 टीमों के बीच हुई रील शूटिंग प्रतियोगिता में टीम डब्लू एरा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि टेक ट्रेजर हंट का खिताब द एक्सिओम टीम के नाम रहा। टाइपिंग टेस्ट में प्रियंशु बिष्ट ने पहला, मानक सिंह ने दूसरा और शुभम भट्ट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
दो लाख रुपये के लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह -
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण करीब दो लाख रुपये के पुरस्कारों वाला लकी ड्रॉ रहा। इसमें हरकीरत संधू ने प्रथम पुरस्कार के रूप में असूस वीवोबुक लैपटॉप जीता। दीपक सिंह को दूसरे पुरस्कार के रूप में प्लेस्टेशन-5 (PS5) मिला, जबकि बच्चे सिंह ने तीसरे पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी अपने नाम किया। इसके अलावा सैमसंग स्मार्टफोन सहित कई अन्य आकर्षक गैजेट्स भी लकी ड्रॉ के माध्यम से दिए गए।
परिसर में विद्यार्थियों की ओर से 30 फूड, क्राफ्ट और गेमिंग स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉल्स के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ टीमवर्क, प्रबंधन और व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर मिला।
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रैक्टिकल नॉलेज पर जोर -
विश्वविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति के अनुसार, इनोविस्टा जैसे आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देते हैं। प्रतिष्ठित कंपनियों के विशेषज्ञों से संवाद और तकनीकी प्रतियोगिताओं में भागीदारी से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानने और नए विचारों पर काम करने की प्रेरणा मिलती है। तीन दिनों तक चले इस आयोजन का समापन विद्यार्थियों के उत्साह और नवाचार की भावना के साथ हुआ।