हल्द्वानी - वनकर्मी के सनसनीखेज हत्या का खुलासा, तिवारी सिंह निकला कातिल, उगल डाली मर्डर की वजह
May 24, 2026, 13:17 IST
हल्द्वानी - नैनीताल जिले के टांडा क्षेत्र अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।
घटनास्थल पर वन विभाग के रेंजर नवीन सिंह रौतेला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक मोबाइल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई और साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक की पहचान मेवा लाल (50 वर्ष) पुत्र हरी लाल निवासी अलीपुर जित्ता, जनपद कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। वह वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत थे।
जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से पूर्व दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद कहासुनी और गाली-गलौज हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी तिवारी सिंह ने हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से मेवा लाल पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी-
तिवारी सिंह पुत्र जय सिंह निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर। वर्तमान में वह पीपलपड़ाव ब्लॉक में रह रहा था।