हल्द्वानी - यहां महिला का शव मिलने से सनसनी, शाम से लापता थी पांच बच्चों की मां, हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस
लालकुआं - बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फार्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुनीता (50) पत्नी स्वर्गीय संतपाल, निवासी गौलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने खुरपिया फार्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में बेरीपड़ाव क्षेत्र में निवास कर रही थी। उसके परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मृतका की बेटियों ने पुलिस को बताया कि उनकी मां मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।