रुद्रपुर - NCERT की नकली किताबों को गिन- गिनकर थके अधिकारी 11.30 लाख किताबों की कीमत है इतनी करोड़
Uttarakhand NCERT Book Scam - उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। शहर के कीरतपुर क्षेत्र स्थित एक गोदाम से National Council of Educational Research and Training (NCERT) की करीब 11 लाख 30 हजार नकली किताबें बरामद की गई हैं। इन किताबों की अनुमानित कीमत लगभग 11 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद दिल्ली से एनसीईआरटी की विशेष टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में अधिकारियों ने बरामद किताबों को पहली नजर में नकली बताया है। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि 14 तारीख की शाम को गोदाम में भारी मात्रा में किताबें होने की सूचना मिली थी। अगले दिन सुबह प्रशासन ने गोदाम का ताला तोड़कर जांच की, जिसमें बड़ी संख्या में किताबें बरामद हुईं। मौके पर एक ट्रक में लोड किताबें भी मिलीं, जिनकी गिनती जारी है।
एनसीईआरटी के अधिकारी दीपक कौशिक के अनुसार, असली किताबों की छपाई केवल आईएसओ प्रमाणित प्रेस में तय मानकों के तहत होती है, जबकि बरामद किताबों की प्रिंटिंग क्वालिटी और स्याही स्थानीय स्तर की प्रतीत हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि मुनाफाखोरी के लिए नकली किताबों का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
टीम ने किताबों के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं और कुछ नमूने दिल्ली स्थित मुख्यालय भी भेजे जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। फिलहाल गोदाम मालिक से पूछताछ जारी है और गोदाम किराए पर लेने वालों की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नकली किताबों की बरामदगी से यह आशंका जताई जा रही है कि ये किताबें बाजार और स्कूलों तक पहुंचाई जा रही थीं, जो सीधे तौर पर छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है।