हल्द्वानी - इंस्पिरेशन स्कूल की पूर्व छात्रा रुचिका भट्ट का न्यायिक सेवा में चयन, विद्यालय ने किया भव्य अभिनंदन

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस (जे) परीक्षा में सफलता हासिल कर न्यायिक सेवा के लिए चयनित हुईं इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम की पूर्व छात्रा रुचिका भट्ट का शुक्रवार को विद्यालय में भव्य अभिनंदन किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

 

अपने पिता खजान भट्ट के साथ विद्यालय पहुंचीं रुचिका का संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक बल्यूटिया, अध्यक्ष डॉ. गीतिका बल्यूटिया, प्रमुख (योजना) आयुषी बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर और उप-प्रधानाचार्या ममता तनेजा ने स्वागत किया।

 

हेड गर्ल से न्यायिक सेवा तक का सफर-

रुचिका वर्ष 2014 में विद्यालय की हेड गर्ल रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह विद्यालय की बास्केटबॉल टीम की सक्रिय सदस्य भी थीं। विद्यार्थी जीवन में इसी विद्यालय से अपने सपनों की शुरुआत करने वाली रुचिका का न्यायिक सेवा में चयन के बाद अपने पुराने विद्यालय पहुंचना छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक रहा।

विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स- 

समारोह के दौरान रुचिका ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर शिक्षा, खेल और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों में हो रही प्रगति की सराहना भी की। कार्यक्रम का संचालन शैक्षणिक समन्वयक मनमोहन जोशी ने किया।

रुचिका भट्ट की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।