हल्द्वानी - दमुवाढुंगा में राजस्व सर्वे का कार्य हुआ शुरू, 40 हजार लोगों मालिकाना हक का रास्ता हो गया साफ़
हल्द्वानी - शहर के दमुवाढुंगा क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित राजस्व सर्वे कार्य की शुरुआत आज औपचारिक रूप से कर दी गई। राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्र में पिलर लगाकर सर्वे का शुभारंभ किया। यह सर्वे उच्च तकनीकी प्रणाली DGPS (डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) के माध्यम से किया जा रहा है।
सर्वे कार्य के शुभारंभ के मौके पर विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे और सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट भी मौके पर उपस्थित थे।
नवरात्र में होना था कार्य शुरू, अब हुई शुरुआत -
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में दमुवाढुंगा में सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले यह कार्य नवरात्र में प्रस्तावित था, लेकिन अब उसका औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सर्वे वन विभाग की भागीदारी के साथ किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या कानूनी अड़चन न आए।
तीन वार्डों में फैला क्षेत्र, 40 हजार की आबादी को होगा लाभ -
दमुवाढुंगा क्षेत्र नगर निगम के तीन वार्डों में फैला हुआ है, जहां करीब 40,000 लोग निवास करते हैं। सर्वे पूरा होने के बाद यहां के लोगों को मालिकाना हक मिलने का रास्ता खुल जाएगा, जिससे उन्हें जमीन की रजिस्ट्री, मकान का नक्शा पास कराने और विकास योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।