हल्द्वानी - यहां रैपिडो चालक से हुई मारपीट, मोबाइल फ़ोन और इतने पैसे भी लूटे, CCTV में कैद हुई वारदात
हल्द्वानी - शहर में रैपिडो चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली क्षेत्र में कालाढूंगी रोड के पास देर रात की बताई जा रही है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित चालक ने हीरा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिवालिक विहार काठगोदाम निवासी रैपिडो चालक हरीश चंद्र सिंह देर रात एक राइड लेकर ऊंचापुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी रोड के पास कुछ लोगों ने उनकी रैपिडो स्कूटी को रोक लिया। आरोप है कि स्कूटी रोकने के बाद आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने हरीश चंद्र सिंह का मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये की नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित चालक ने हीरा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।