रामनगर - पर्यटकों की जिप्सी और कार की जबरदस्त टक्कर, दो बाइक सवार समेत कई लोग हुए ज़ख़्मी 

 

रामनगर (नैनीताल) फाटो पर्यटन जोन से सफारी कर लौट रहे पर्यटकों की जिप्सी और कार के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो बाइक सवार समेत कई लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार करनाल-मोहाली (पंजाब) निवासी शैफाली और ध्रुव अपने तीन बच्चों के साथ रामनगर घूमने आए थे। मंगलवार सुबह वे जिप्सी से फाटो पर्यटन जोन में सफारी कर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे रामनगर से लगभग एक किलोमीटर पहले पेट्रोल पंप के पास उनकी जिप्सी की सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई।

 

टक्कर इतनी तेज थी कि उसी दौरान काशीपुर से मजदूरी के लिए जा रहे बाइक सवार प्रतापपुर निवासी विकास और प्रताप सिंह भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बाइक सवार विकास और प्रताप सिंह को गंभीर हालत में एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। वहीं महिला पर्यटक शैफाली का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है!