रामनगर - ब्रेकिंग, रिसॉर्ट में पुलिस का छापा, से-क्स रैकेट के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 52 लोग गिरफ्तार, 10 युवतियां रेस्क्यू
रामनगर - वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में रविवार को रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से रिसॉर्ट में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। एसएसपी की रणनीति के तहत एसओजी और पुलिस लाइन फोर्स के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट पर छापा मारा गया। मौके से नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की 10 युवतियों को सुरक्षित निकाला गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार का संचालन किया जा रहा था। पुलिस जांच में रिसॉर्ट के कुछ कर्मचारियों की कथित मिलीभगत भी सामने आई है। हालांकि, रिसॉर्ट का मैनेजर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले का विस्तृत खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी द्वारा रविवार शाम 4:30 बजे कोतवाली रामनगर में प्रेस वार्ता के दौरान किया जाएगा।