रामनगर - अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने हासिल की विधि में Ph.D. की उपाधि, इन्हें दिया मार्गदर्शन और प्रेरणा के लिए विशेष श्रेय

 

रामनगर - रामनगर के अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने विधि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए Ph.D. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद स्थित साबरमती विश्वविद्यालय से विधि विषय में अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने “चिकित्सीय एवं विधिक पेशेवरों के लिए विधिक प्रतितोष व्यवस्था तथा क्लाइंट-रोगी के कानूनी संरक्षण हेतु उपायों एवं विधिक समस्याओं का एक अध्ययन” विषय पर शोध किया। उनके शोध कार्य का निर्देशन साबरमती विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने किया।

अपनी इस उपलब्धि पर मनु अग्रवाल ने अपने गुरुजनों, शोध निर्देशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह तथा विशेष रूप से रामनगर के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. पाण्डे के निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग ने शोध कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उल्लेखनीय है कि डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के शोध निर्देशक भी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ही रहे हैं। डॉ. पाण्डे ने वर्ष 2024 में साबरमती विश्वविद्यालय से विधि में Ph.D. की उपाधि प्राप्त की थी। इस प्रकार दोनों विद्वानों की शैक्षणिक यात्रा में एक ही शोध निर्देशक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मनु अग्रवाल की शैक्षणिक उपलब्धियों की सूची भी काफी विस्तृत है। उन्होंने एम.कॉम., एम.ए. (राजनीति विज्ञान), एम.ए. (अर्थशास्त्र), एम.ए. (समाजशास्त्र), एम.ए. (पब्लिक हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन), एम.ए. मास कम्युनिकेशन, एम.ए. (मनोविज्ञान), एम.सी.ए., एम.बी.ए., ओ-लेवल, ए-लेवल, एल.एल.बी. तथा एल.एल.एम. सहित अनेक उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं।

मनु अग्रवाल की इस उपलब्धि पर अधिवक्ता समुदाय, उनके सहकर्मियों और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है। उनकी Ph.D. की उपलब्धि को विधि एवं न्याय के क्षेत्र में उनके निरंतर अध्ययन, शोध और अकादमिक रुचि के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।