हल्द्वानी - PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
हल्द्वानी - रामपुर रोड स्थित PSP अस्पताल में उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। विभाग ने मातृ मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच और ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के अनुसार, PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मृत्यु होने की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी में मृतका गोलापार क्षेत्र की निवासी बताई गई है। सीएमओ ने बताया कि मातृ मृत्यु के प्रत्येक मामले की समीक्षा मैटरनल डेथ सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स (MDSR) के तहत अनिवार्य है। इसी क्रम में अस्पताल प्रबंधन को पत्र भेजकर 24 से 48 घंटे के भीतर निर्धारित प्रारूप में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल से महिला की मेडिकल हिस्ट्री, उपचार के दौरान अपनाई गई चिकित्सकीय प्रक्रिया और मृत्यु के संभावित कारणों की जानकारी मांगी गई है। स्वास्थ्य विभाग यह भी जांच करेगा कि उपचार के दौरान निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।
घर जाकर भी जानकारी जुटाएगी स्वास्थ्य विभाग की टीम -
मामले की जांच केवल अस्पताल की रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगी। गोलापार क्षेत्र के मोटाहल्दू स्थित चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (MOIC) की टीम को मृतका के घर जाकर सामुदायिक स्तर पर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम यह पता लगाएगी कि गर्भावस्था के दौरान महिला की नियमित स्वास्थ्य जांच हुई थी या नहीं। इसके अलावा टीकाकरण, कैल्शियम और फोलिक एसिड जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के पहलू की भी होगी पड़ताल-
जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि गर्भावस्था के समय महिला को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में चिह्नित किया गया था या नहीं। यदि गर्भावस्था जोखिमपूर्ण थी, तो क्या महिला को नियमानुसार निगरानी, समय पर उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, इसकी भी समीक्षा होगी।
डीएम की अध्यक्षता में होगा मातृ मृत्यु ऑडिट -
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए गए सामुदायिक आकलन के आधार पर पूरे मामले का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। पहले सीएमओ स्तर पर समीक्षा होगी और इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मातृ मृत्यु ऑडिट कराया जाएगा।
फिलहाल महिला की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिजनों की ओर से लगाए गए चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उपचार के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई थी या नहीं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और यदि लापरवाही साबित होती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।