हल्द्वानी - सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले अलर्ट मोड पर पुलिस, बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा बल तैनात, चप्पे-चप्पे पर नजर
हल्द्वानी - रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंगलवार को एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया। बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में बनभूलपुरा ड्यूटी में लगे पुलिस बल की ब्रीफिंग हुई। इस दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर -
पुलिस के मुताबिक निर्णय के बाद शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा क्षेत्र में सुपर जोन, जोन और सेक्टर स्तर पर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 2 सुपर जोन, 4 जोन, 2 एसपी, 5 सीओ, 15 इंस्पेक्टर/एसओ, 10 आईसी/ओपी, 45 एसआई/एएसआई, 10 महिला एसआई/एएसआई तथा 229 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल समेत अन्य पुलिस बल लगाया गया है। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, टियर गैस की दो टीमें, एंटी रॉयट की दो टीमें और फायरिंग स्क्वाड की दो टीमें भी तैयार रखी गई हैं।
ड्रोन से होगी निगरानी -
संवेदनशील इलाकों में पुलिस धरातलीय निगरानी के साथ ड्रोन के जरिए भी नजर रखेगी। ड्रोन से छतों, गलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा भड़काऊ पोस्ट प्रसारित कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई -
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील -
नैनीताल पुलिस ने आमजन से न्यायालय के निर्णय का सम्मान और पालन करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।