हल्द्वानी - नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, कार में बंधा नीबू मिर्च का टोटका भी नहीं आया काम

 

हल्द्वानी - वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान कोई बाइक की पिछली नंबर प्लेट हटाकर दौड़ाता मिला तो किसी ने कार की फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर पंजीकरण नंबर छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 244 वाहनों के चालान किए और 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में यातायात और थाना पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल ऐसी मिली, जिसकी पिछली नंबर प्लेट ही गायब थी। वाहन की पहचान छिपाने के मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

वहीं, चेकिंग के दौरान एक कार भी पकड़ी गई, जिसकी आगे की फैंसी नंबर प्लेट पर चालक ने नींबू-मिर्च लगा रखी थी। इससे वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में कार चालक का 10,500 रुपये का चालान किया।

एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि वाहन की पहचान छिपाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।