हल्द्वानी - नशे के तस्करों पर पुलिस का एक्शन, यहां टेलर की दुकान से 10 लाख की चरस बरामद, 02 तस्कर गिरफ्तार

 

हल्द्वानी - जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में ANTF/STF कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में छापेमारी कर 5 किलो से अधिक अवैध चरस बरामद की है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने “डी फैशन बुटीक” नामक टेलर की दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से 5 किलो 02 ग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण आर्या (50 वर्ष) निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल तथा बलवन्त सिंह (44 वर्ष) निवासी ग्राम तीख, पोस्ट डोला, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या 62/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।