उत्तराखंड - हल्द्वानी देहरादून में पेट्रोल की कीमतों ने मारी सेंचुरी, डीजल के दाम भी बढ़े, आम आदमी पर महंगाई की मार
देहरादून - उत्तराखंड में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के बाद राजधानी देहरादून और हल्द्वानी में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई है। पेट्रोल में 2.55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत 100.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 2.72 रुपये महंगा होकर 95.90 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
इसके अलावा प्रीमियम एक्सपी-95 पेट्रोल की कीमत भी बढ़कर 108.93 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल की नई कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के साथ परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। तेल कंपनियों ने देशभर में पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।
राजधानी दिल्ली में भी पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 87 से 91 पैसे तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर निजी वाहन चालकों, टैक्सी संचालकों और माल परिवहन से जुड़े कारोबारियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कीमतों में यही तेजी जारी रही तो रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी प्रभावित हो सकते हैं।