ओखलकांडा - पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या, बेटे को धमकाकर फरार हुआ भीम सिंह, पुलिस ने घोषित किया वांटेड

 

 

ओखलकांडा - नैनीताल जिले के ओखलकांडा के खनस्यूं थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि 21 अगस्त की रात मामूली विवाद के बाद तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह बोहरा पुत्र नारायण सिंह (37) ने अपनी पत्नी डिक्री देवी (28) की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को किसी को कुछ न बताने की धमकी देकर 22 अगस्त की तड़के घर से फरार हो गया। मां की मौत से अनजान 10 वर्षीय बच्चा दिनभर उसे सोया हुआ समझता रहा। शाम तक जब मां नहीं उठी तो उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद खनस्यूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की।

चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया - 
मृतका के चार बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ा बेटा 10 वर्ष का है, जबकि तीन बच्चे अभी काफी छोटे हैं। घटना के बाद चारों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। बताया जा रहा है कि पिता की धमकी के कारण बड़ा बेटा पूरे दिन भय के साये में रहा।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य - 
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ भवाली रविकांत सेमवाल की मौजूदगी में फॉरेंसिक टीम ने ई-साक्ष्य संकलित किए और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। मृतका के पिता गुमान सिंह, निवासी ग्राम अघौड़ा, की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें - 
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद से आरोपी भीम सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। नैनीताल पुलिस ने आरोपी का फोटो जारी कर वांछित पोस्टर के माध्यम से प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और कांबिंग कर रही हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी भीम सिंह के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि अपराध के बाद फरार आरोपियों को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।