नैनीताल - ऑरेंज अलर्ट के चलते 2 सितंबर को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, जानिए किन बच्चों को जाना होगा स्कूल 
 

 

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से जारी Orange Alert को देखते हुए जिला प्रशासन ने 2 सितंबर 2026, बुधवार को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के 1 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में 2 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए Orange Alert जारी किया गया है। पूर्वानुमान के मुताबिक जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

भूस्खलन और तेज जल प्रवाह की आशंका
प्रशासन के अनुसार जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में जल प्रवाह तेज होने के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2 सितंबर को शिक्षण संस्थानों में अवकाश का निर्णय लिया गया है।

शिक्षकों और स्टाफ को भी अवकाश - 
आदेश के तहत विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और आवास की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है, इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे।

मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।