नैनीताल - राम भरोसे नैनीताल की ट्रैफिक व्यवस्था, नियमों को ठेंगा दिखा रहे पर्यटक, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

 

नैनीताल (संजय नागपाल) -  सरोवर नगरी नैनीताल में ग्रीष्म कालीन पर्यटन सीजन अभी पूरी तरह से खत्म नही हुआ है। आज भी शहर की मॉल रोड, भवाली रोड, हल्द्वानी रोड, सहित मुख्य मार्गों पर ही यत्र-तत्र पार्किंग या वेटिंग कर रहे वाहन के काफिलों को सड़कों पर ही खड़े देखा जा सकता है। एक तो लोवर मॉल रोड को लगभग एक वर्ष के भीतर भी ठीक नही किया जा सका है। अब तो सबसे व्यस्त सीज़न काल मई-जून भी बीत चुका है। न जाने कब तक ये लोअर मॉल रोड दुरुस्त हो पाएगी..?  क्योंकि केवल अपर मॉल रोड से ही पर्यटकों के वाहन आने-जाने का पूरा ट्रैफिक चल रहा है। 


क्षेत्रीय पुलिस प्रशासन भी इस ट्रैफिक जाम की समस्या को सीरियसली नही लेता। जिससे झील नगरी आने-जाने वाले मार्गों में जाम की स्थिति सदैव बनी ही रहती है। पुलिस को सूचना दी गई कि अंडा मार्केट से मेट्रोपोल कंपाउंड रोड व चीना बाबा चौराहे तक दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश के वाहनों ने अपेक्षाकृत चौड़े स्थानों पर अपने वाहन पार्क कर दिए या पार्किंग कर वेटिंग कर रहे थे। वहीं एकलौते खड़े हुए पुलिस कांस्टेबल से जब इन वाहनों द्वारा चीना चौराहे पर अवैध ढंग से पार्किंग के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोग मानते ही नही हैं मैंने कोतवाली में सूचित कर दिया है। 

 

पुलिस अधिकारी नही दे रहे संतोषजनक जवाब, बड़े अधिकारी फोन नही उठाते - 
झील नगरी की तंग सड़कों पर कहीं भी वाहन पार्किंग की समस्या पर जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी से फोन पर बात करने का प्रयास किया गया तो किसी अधीनस्थ ने फोन पर उनके मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में होने की सूचना दे कर पल्ला झाड़ लिया। फिर शहर कोतवाल से बात करनी चाही तो उनका फोन किसी और कर्मचारी ने उठाया, बताया कि आज हमने उक्त मार्ग पर 30-35 चालान किये हैं। जब उनसे पूछा गया कि छोटे से नैनीताल में "चीता"पुलिस से सभी मुख्य मार्गों पर भ्रमण नही करवाया जाता। जिससे सड़को पर अनावश्यक वाहनों के पार्क होने को रोका जा सके तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नही दिया। 

 

कुलमिलाकर नैनीताल की व्यवस्थाएं राम भरोसे ही चल रही हैं कोई भी सुधलेवा नही है। माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने जाम के झांम पर रोष जताया और कहा कि अगर शहर की पार्किंग फुल हो चुकी हैं तो नैनीताल आने वाले वाहनों को शहर के बाहर ही पार्क कराना चाहिए।शहर के भीतर हो रही इन अव्यवथाओं पर पुलिस प्रशासन को अतिशीघ्र संज्ञान लेना चाहिए।