नैनीताल - भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश
नैनीताल - मौसम विभाग ने 9 जुलाई (गुरुवार) को नैनीताल जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी चेतावनी के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मार्गों पर मलबा आने या पेड़ गिरने की स्थिति में तत्काल निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और आवश्यक कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर अलर्ट रहने और अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने को कहा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं, जिससे जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा या आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए फोन नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 और टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने आम लोगों से भी भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।