नैनीताल - होटल की मनमानी पड़ी भारी, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो विभागों ने किया इतने हजार का चालान
 

 

नैनीताल - मल्लीताल क्षेत्र स्थित ब्रॉडवे होटल की पानी की टंकियों से लगातार ओवरफ्लो हो रहे पानी और गंदगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

टण्डन परिवार और डण्डरियाल परिवार सहित स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर बताया था कि ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी बहने के कारण उनके घरों में सीलन और पानी भरने की समस्या बढ़ रही है। साथ ही ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल द्वारा रास्ते में गंदगी फैलाने की शिकायत भी की गई थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद नैनीताल की संयुक्त टीम गठित कर शुक्रवार को मौके पर निरीक्षण कराया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई। टीम ने पाया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार अनावश्यक पानी बह रहा था।

कार्रवाई करते हुए जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन तत्काल विच्छेदित कर पानी के दुरुपयोग पर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।