नैनीताल - गैंगस्टर गैंग का सरगना कौशल चिलवाल गिरफ्तार, जिला बदर की तैयारी के बीच पुलिस को मिली बड़ी सफलता

 

नैनीताल - संगीन आपराधिक मामलों में संलिप्त गैंगस्टर गैंग के सरगना कौशल चिलवाल को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की।

 

पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की स्वीकृति के बाद कोतवाली रामनगर में कौशल चिलवाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गैंग में हर्षित कोहली, तनिष्क बोहरा और आकरित राघव भी शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंग का नेतृत्व कौशल चिलवाल कर रहा था और उसके खिलाफ रामनगर कोतवाली में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ने उसे गुण्डा घोषित करते हुए जिला बदर की कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था।

 

18 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरपानी क्षेत्र स्थित रेलवे के खाली मैदान में घेराबंदी कर कौशल चिलवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग की अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।