नैनीताल - दहेज उत्पीड़न का आरोपी पति दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, नाइजीरिया से लौटते ही पुलिस ने दबोचा
रामनगर- नैनीताल जिले से दहेज उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नाइजीरिया में रह रहा था और भारत लौटते ही पुलिस के लुकआउट नोटिस के आधार पर उसे पकड़ लिया गया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार 22 जून 2023 को रामनगर निवासी पूनम पडलिया ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसका पति राकेश उनियाल तथा ननद आए दिन दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर उत्पीड़न करते थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पति फरार चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नाइजीरिया में रह रहा है। इस पर पुलिस ने दिल्ली स्थित संबंधित एजेंसियों के माध्यम से आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया।
बताया गया कि 23 जनवरी को आरोपी नाइजीरिया से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से उसे गिरफ्तार कर रामनगर लाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।