नैनीताल - डीएम ललित मोहन रयाल को CM धामी ने किया सम्मानित, राज्य स्तरीय SDG एचीवर्स अवार्ड में जिले को मिला यह स्थान
नैनीताल - अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों, संगठनों और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जनपद नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भी सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में नैनीताल को प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को सम्मान पत्र देकर बधाई दी।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की दिशा में उत्तराखंड लगातार बेहतर कार्य कर रहा है और आज राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने सुशासन, गरीब कल्याण, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने प्रदेश के विकास में अधिकारियों, संस्थाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस वर्ष कुल 32 संस्थानों, संगठनों और व्यक्तियों को उनके नवाचार एवं सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं बागेश्वर, चमोली और टिहरी तीसरे स्थान पर रहे।