नैनीताल - सुबह-सुबह आफत, दो गांव के पास पहाड़ी चटकी, बोल्डर-मलबा गिरने से नैनीताल-काठगोदाम मार्ग बंद

 

नैनीताल - नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर रविवार सुबह दो गांव के समीप अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा दरकने से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते सड़क पूरी तरह मलबे और पत्थरों से पट गई, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। अचानक मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई यात्री रास्ते में फंस गए।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दो गांव के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक चटक गया। इसके बाद बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि भूस्खलन के दौरान मौके से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। सड़क पर गिरे बोल्डर और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी समेत अन्य मशीनों से काम शुरू कराया गया। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल आने-जाने वाले यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मौके पर भेज दी गई है। जल्द से जल्द यातायात सुचारु कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।