नैनीताल - पर्यटकों की भरी कार झील में डूबी, बड़ा हादसा टला, जानिए कहां के टूरिस्ट आ रहे थे घूमकर
नैनीताल - नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक कार सोमवार शाम अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल भ्रमण पर आए थे। सोमवार शाम वे नैनीताल से मुरादाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी रोड स्थित सरिताताल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई की ओर गिरते हुए झील में जा पहुंची।
हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि दो अन्य लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे।
मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव कार्य नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा रही।