पहाड़ में दर्दनाक हादसा, अल्मोड़ा में भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबकर मां समेत बेटा-बेटी की मौत
अल्मोड़ा - उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर तहसील क्षेत्र के हवालबाग ब्लॉक अंतर्गत वडयूड़ा गांव में मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। देर रात करीब दो बजे पहाड़ी से आया मलबा एक मकान में घुस गया, जिससे मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मां, बेटा और बेटी शामिल हैं।
मंगलवार सुबह डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम (डीसीआर) और आपदा प्रबंधन विभाग से सूचना मिली कि वडयूड़ा गांव में एक मकान ढह गया है और उसके नीचे कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले मोटरमार्ग पर मलबा आने के कारण रास्ता बाधित था। इसके चलते रेस्क्यू टीमों को जरूरी उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचना पड़ा। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, फायर सर्विस और जिला पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मलबे में सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने मलबे के नीचे से तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी राजेंद्र राम, 19 वर्षीय कल्पना आर्या पुत्री राजेंद्र राम और 18 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र राजेंद्र राम के रूप में हुई है। हादसे में गुलाब राम मकान के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, जिसके चलते वह सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि रात में हुई तेज बारिश के दौरान पहाड़ी से भारी मलबा मकान में घुस गया। अचानक हुए इस हादसे से गांव में हड़कंप मच गया। रेस्क्यू टीमों ने मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द किया। प्रशासन की ओर से हादसे के बाद स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।