हल्द्वानी - बेटी को रेलवे परीक्षा दिलाने के लिए आईं मां-बेटी सड़क हादसे का शिकार, स्कूटी रपटने से मां की मौत
हल्द्वानी - शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को एक और दर्दनाक हादसे में रुद्रपुर से परीक्षा दिलाने हल्द्वानी आई मां-बेटी की स्कूटी फिसल गई, जिसमें मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी बाल-बाल बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप निवासी गीता सिंह (51 वर्ष), पत्नी रंजीत बहादुर, अपनी बेटी हर्षिता को रेलवे भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए हल्द्वानी के गौलापार स्थित विवेकानंद कॉलेज लेकर आ रही थीं। इस दौरान स्कूटी हर्षिता चला रही थी।
बेलबाबा क्षेत्र के पास अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीता सिंह को मृत घोषित कर दिया। हर्षिता को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
परीक्षा की चिंता, लेकिन नियति का खेल -
बेटी को भविष्य की राह पर ले जाने निकली मां को शायद ये नहीं पता था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी यात्रा होगी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, और वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।