नैनीताल - माल रोड पर विधायक के बेटे को SDM से हेकड़ी दिखाना पड़ा महंगा, हूटर बजाने पर पुलिस ने वाहन किया सीज
 

 

नैनीताल - शहर की माल रोड पर गुरुवार को जाम के बीच हूटर बजाकर वीआईपी रौब दिखाना एक विधायक पुत्र को महंगा पड़ गया। एसडीएम की आपत्ति के बाद हुए विवाद के चलते पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार, माल रोड पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण लंबा जाम लगा हुआ था। इसी दौरान एक फॉर्च्यूनर कार लगातार हूटर बजाते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रही थी। वाहन के आगे चल रहे एसडीएम नवाजिश खलीक ने पहले किसी वीआईपी वाहन की आशंका में साइड दे दी, लेकिन हूटर बंद न होने पर उन्होंने गाड़ी रुकवाकर चालक से पूछताछ की।

चालक ने बताया कि वाहन उत्तर प्रदेश के जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का है। इसी बीच वाहन में बैठे विधायक पुत्र ने राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए एसडीएम से अभद्रता शुरू कर दी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, जबकि वाहन के बीमा और प्रदूषण संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। 

वाहन पर “विधायक” लिखा हुआ था, लेकिन उसका पंजीकरण सुरेंद्र कुमार सिंह के नाम पाया गया। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के आधार पर वाहन को सीज कर दिया। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।