ओखलकांडा - राजकीय महाविद्यालय पतलोट के नवनिर्मित भवन का मंत्री कैड़ा ने किया लोकार्पण, इन विषयों का भी संचालन करने के प्रयास 

 

ओखलकांडा - उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने राजकीय महाविद्यालय पतलोट के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं तथा ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। महाविद्यालय भवन के लोकार्पण को क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए ₹4 करोड़ 37 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई थी। नवनिर्मित भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की उम्मीद है।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव है। ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय पतलोट में विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भूगोल एवं संस्कृति विषयों का संचालन शुरू कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप विषयों का अध्ययन करने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में महाविद्यालय में सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास जारी रहेंगे।